केमसोर स्टूडियोज का आगाज, रामपुर तिराहा कांड पर पहली फिल्म, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मौका
हमारी पंचायत, देहरादून
चीन के फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाने वाले उत्तराखंड के अभिनेता और उद्यमी देव रतूड़ी अब अपनी प्रतिभा और अनुभव से उत्तराखंडी सिनेमा को नई पहचान देने की तैयारी में हैं। उन्होंने देहरादून में केमसोर स्टूडियोज नाम से फिल्म प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की है। इसका उद्घाटन प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी और पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी सहित कला, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां मौजूद रहीं।

केमसोर स्टूडियोज की शुरुआत को उत्तराखंड में स्थानीय फिल्म निर्माण, कलाकारों के प्रशिक्षण और फिल्म उद्योग को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्टूडियो का उद्देश्य केवल फिल्में बनाना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की कहानियों, संस्कृति और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है।
रामपुर तिराहा कांड पर पहली फिल्म
केमसोर स्टूडियोज की पहली फिल्म ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ होगी। इस पर काम शुरू हो चुका है। फिल्म के निर्देशक अनुज जोशी के अनुसार, इसकी कहानी वर्ष 1994 के रामपुर तिराहा कांड और उसके बाद के 32 वर्षों की घटनाओं पर आधारित होगी। फिल्म में उत्तराखंड आंदोलन के उन गुमनाम नायकों और संघर्षशील लोगों की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा, जिनका योगदान अब तक व्यापक स्तर पर सामने नहीं आ पाया है।
फिल्म का उद्देश्य रामपुर तिराहा कांड की घटना और उसके बाद उत्तराखंड की राजनीतिक, सामाजिक और आंदोलनकारी यात्रा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना है। इसका निर्माण हिंदी भाषा में किया जाएगा, ताकि इसे केवल उत्तराखंड तक सीमित न रखकर देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। बाद में इसे उत्तराखंडी भाषाओं में भी प्रदर्शित करने की योजना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाल ही में फिल्म का पोस्टर लॉन्च कर चुके हैं।
मुंबई पर निर्भरता खत्म करने की तैयारी
देव रतूड़ी के मुताबिक, उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की प्रतिभा और कहानियों की कमी नहीं है, लेकिन तकनीकी सुविधाओं के अभाव में स्थानीय फिल्म उद्योग को कई कामों के लिए मुंबई पर निर्भर रहना पड़ता है। विशेषकर पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़े तकनीकी कार्यों के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।
केमसोर स्टूडियोज में आने वाले समय में पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ी आधुनिक तकनीकी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय फिल्म निर्माताओं को अपने ही प्रदेश में फिल्म निर्माण के विभिन्न चरण पूरे करने का अवसर मिलेगा। स्टूडियो में उत्तराखंडी फिल्मों के साथ वेब सीरीज और संगीत निर्माण पर भी काम किया जाएगा।
कलाकारों को मिलेगा प्रशिक्षण
स्टूडियो की एक अहम योजना उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को अभिनय का प्रशिक्षण देना है। इसके लिए मुंबई से बॉलीवुड के अभिनय प्रशिक्षक हर्षल पंवार को बुलाया गया है। वह स्थानीय कलाकारों को अभिनय की बारीकियां सिखाएंगे।
हर्षल पंवार का कहना है कि उत्तराखंड में कहानियों और प्रतिभाओं की भरमार है, लेकिन उन्हें वैश्विक मंच नहीं मिल पा रहा है। केमसोर स्टूडियोज के माध्यम से बेहतर कलाकार तैयार करने के साथ ऐसी फिल्में बनाने का प्रयास होगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
देव रतूड़ी ने बताया कि अगले दो से तीन वर्षों में स्टूडियो को फिल्म प्रोडक्शन हाउस से आगे बढ़ाकर फिल्म इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने की योजना है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देवभूमि फिल्म सिटी का प्रस्ताव भी सौंपा गया है।
गांव के नाम से जुड़ी पहचान
केमसोर नाम भी देव रतूड़ी के अपनी जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक है। यह नाम उनके पैतृक गांव केमरिया सौड़ के नाम को मिलाकर बनाया गया है। देव रतूड़ी ने अपने गांव से ही उत्तराखंड के लिए सामाजिक कार्यों की शुरुआत की थी। उन्होंने गांव को गोद लेकर वहां विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं। वर्तमान में वह रतूड़ी फाउंडेशन के माध्यम से प्रदेश में सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं।
पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने देव रतूड़ी की संघर्ष यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि वह उनके सफर से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने केमसोर स्टूडियोज की स्थापना को उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने भी देव के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि केमसोर नाम उनके पैतृक गांव से जुड़ा है। उन्होंने प्रवासी सम्मेलनों में देव रतूड़ी की सक्रिय भूमिका और उत्तराखंड के दो गांवों को गोद लेने की पहल का भी उल्लेख किया।
वेटर से चीनी फिल्मों के अभिनेता तक का सफर
टिहरी गढ़वाल के केमरिया सौड़ गांव से निकलकर चीन में पहचान बनाने वाले देव रतूड़ी की सफलता की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। उन्होंने चीन में अपने करियर की शुरुआत वेटर के रूप में की थी। अपनी मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर उन्होंने वहां अंबर पैलेस नाम से भारतीय सांस्कृतिक रेस्तरां की श्रृंखला स्थापित की। इसके साथ ही चीनी फिल्मों में अभिनय के जरिए भी अपनी पहचान बनाई और कई प्रतिष्ठित निर्देशकों एवं कलाकारों के साथ काम किया।
उनकी उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चीन के पाठ्यक्रम में भी उनकी संघर्ष यात्रा को शामिल किया गया है। अब उन्होंने भारत में भी अपने रेस्तरां कारोबार का विस्तार करते हुए गुरुग्राम में अंबर पैलेस की शुरुआत की है।
देव रतूड़ी का कहना है कि केमसोर स्टूडियोज उनके लिए व्यावसायिक पहल से कहीं अधिक अपनी जन्मभूमि के प्रति समर्पण है। उनका प्रयास है कि उत्तराखंड के कलाकारों को काम के लिए मुंबई या दूसरे शहरों की ओर न देखना पड़े और पहाड़ में ही बॉलीवुड के स्तर की फिल्में बनाई जा सकें।
स्टूडियो के उद्घाटन अवसर पर साहित्यकार एवं गीतकार मदन डुकलान, सच्चिदानंद सेमवाल, अभिनेता राम नेगी, विमित्र के संस्थापक अरुण डबराल, उद्यमी एवं समाजसेवी बलवंत सिंह बिष्ट, वर्नम की संस्थापक मंजू भसीन और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

