बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार, ट्रामाडोल के 682 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट जब्त
हमारी पंचायत, रुड़की
उत्तराखंड में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। रुड़की के जनता मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक के साथ संयुक्त छापेमारी कर टीम ने ट्रामाडोल युक्त 682 कैप्सूल और अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंगनहर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
STF को सूचना मिली थी कि रुड़की स्थित जनता मेडिकल स्टोर पर बिना वैध लाइसेंस प्रतिबंधित और नशीली दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर STF/ANTF की टीम ने औषधि निरीक्षक को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं मिलीं। टीम ने संचालक से दवाओं की खरीद-बिक्री, भंडारण और बिक्री के लिए जरूरी लाइसेंस तथा चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
फुटकर बिक्री से कमाता था मुनाफा
कार्रवाई में बरामद 682 SPASMED कैप्सूल में ट्रामाडोल मौजूद है, जबकि 600 टैबलेट अल्प्राजोलम की हैं। औषधि निरीक्षक हरीश सिंह ने भी बरामद दवाओं की पुष्टि की है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये दवाएं खरीदकर लाया था और उन्हें फुटकर में बेचकर मुनाफा कमाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरशाद पुत्र गुलफाम (26 वर्ष), निवासी राजपुताबा, थाना बहादराबाद के रूप में हुई है। STF के अनुसार, आरोपी के पास नशीली दवाओं के भंडारण और खरीद-बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
STF उत्तराखंड ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

