हाटी समुदाय को लोक पंचायत ने दी बधाई

हाटी समुदाय को लोक पंचायत ने दी बधाई

पश्मी पहुंचकर हाटी समुदाय के लोगों को किया सम्मानित, जौनसार-बावर और गिरिपार की सांस्कृतिक समानता पर दिया जोर

हमारी पंचायत, पश्मी/शिलाई

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा बरकरार रहने पर जौनसार-बावर की लोक पंचायत ने खुशी जताई है। लोक पंचायत के वरिष्ठ सदस्यों ने पश्मी पहुंचकर हाटी समुदाय के लोगों को सम्मानित किया और इस उपलब्धि पर बधाई दी। सदस्यों ने कहा कि जनजातीय दर्जा मिलने से जौनसार-बावर और गिरिपार के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी।

लोक पंचायत के वरिष्ठ सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि जौनसार-बावर और हिमाचल के हाटी समुदाय की लोक संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों में गहरी समानता है। दोनों क्षेत्रों के बीच सदियों पुराने सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते हैं। ऐसे में हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलना दोनों क्षेत्रों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इस अधिकार को दिलाने के लिए अनेक लोगों ने लंबा संघर्ष किया है। उनके योगदान को याद रखना भी जरूरी है।

श्रीचंद शर्मा ने कहा कि पश्मी में चालदा महासू महाराज के प्रवास के दौरान ही हाटी समुदाय के पक्ष में कानूनी फैसला आना ऐतिहासिक संयोग है। जनजातीय दर्जे से जुड़ा मामला पिछले तीन वर्षों से न्यायालय में लंबित था। स्थानीय लोगों ने महाराज के प्रवास के दौरान उनसे प्रार्थना की थी कि उनके यहां रहते हुए इस मामले का समाधान हो जाए। तीन दिसंबर को चालदा महासू महाराज पश्मी से जौनसार-बावर के मशक के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। इससे पहले हाईकोर्ट का फैसला आने को लोग महाराज की विशेष कृपा मान रहे हैं।

हाटी समुदाय के लंबरदार कुंवर सिंह ने कहा कि करीब छह दशक के संघर्ष के बाद समुदाय की मांग पूरी हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जौनसार-बावर की जनता का आभार जताया। उन्होंने इसे चालदा महासू महाराज का आशीर्वाद बताया।

कार्यक्रम में कुंवर सिंह लंबरदार, रघुवीर सिंह चौहान, जगवीर सिंह, राम सिंह चौहान, ग्राम प्रधान प्रकाश चौहान, लोक पंचायत के वरिष्ठ सदस्य केएस चौहान, विधानसभा के पूर्व सूचना अधिकारी भारत चौहान, लोक पंचायत जमुना तीर्थ समिति के अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान, सचिव सतपाल चौहान और चमन नेगी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *