रिपोर्ट कार्ड पर कांग्रेस का हमला, भाजपा ने बताया सामूहिक उपलब्धियों का दस्तावेज; त्रिवेंद्र ने भी गिनाए अपने कार्यकाल के काम
हमारी पंचायत, देहरादून
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले धामी सरकार के रिपोर्ट कार्ड ने नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। कांग्रेस इसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का व्यक्तिगत प्रचार बता रही है, जबकि भाजपा इसे प्रदेश में पार्टी की सरकारों के दस साल के कामकाज का दस्तावेज करार दे रही है। इस बहस में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाकर विकास की निरंतरता पर जोर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पेश किया गया रिपोर्ट कार्ड धामी सरकार के पांच साल का हिसाब है या भाजपा के दस साल के शासन का लेखा-जोखा?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रिपोर्ट कार्ड को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अहंकार में डूबी हुई है और मुख्यमंत्री को लगने लगा है कि प्रदेश में जो कुछ भी हुआ है, वह उन्हीं की वजह से हुआ है। भाजपा के भीतर पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान को लेकर चल रही बहस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में क्या किया, इसका जवाब धामी देंगे और धामी ने क्या किया, इसका हिसाब त्रिवेंद्र बताएंगे। गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार उपलब्धियों के प्रचार में जुटी है, जबकि जनता की वास्तविक समस्याओं की अनदेखी हो रही है।
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए रिपोर्ट कार्ड को पार्टी की सामूहिक उपलब्धियों का दस्तावेज बताया है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि यह किसी एक मुख्यमंत्री का रिपोर्ट कार्ड नहीं, बल्कि भाजपा सरकारों के कामकाज का लेखा-जोखा है। उन्होंने कहा कि किसाऊ, लखवाड़ और जमरानी बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबे समय से लंबित थीं। भाजपा सरकारों ने पिछले दस वर्षों में इन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है। उनके मुताबिक, रिपोर्ट कार्ड को इसी व्यापक नजरिए से देखा जाना चाहिए।
त्रिवेंद्र ने गिनाईं अपने कार्यकाल की उपलब्धियां
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा पिछले करीब दस वर्षों से जनता की सेवा और विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री के चेहरे बदल सकते हैं, लेकिन सरकार भाजपा की ही रही है। ऐसे में जनता के सामने रिपोर्ट कार्ड रखना अच्छा अवसर है, जिससे वह सरकार के कामकाज का मूल्यांकन कर सके।
त्रिवेंद्र ने अपने कार्यकाल की सौंग बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके लिए जरूरी स्वीकृतियां उनके कार्यकाल में ही मिल गई थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने बजट में वित्तीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी को देखते हुए यह परियोजना अगले करीब 50 वर्षों तक पेयजल की जरूरत पूरी करने में मददगार होगी। इससे भूजल स्तर और हरियाली को भी लाभ मिलेगा। धामी सरकार के पिछले संकल्प पत्र के करीब 70 प्रतिशत वादे पूरे होने के दावे को भी उन्होंने अच्छी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी अगले पांच साल के लिए नया विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर जनता के सामने रखेगी।
कांग्रेस ने त्रिवेंद्र और तीरथ को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने रिपोर्ट कार्ड की प्रस्तुति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की सामूहिक उपलब्धियों का दस्तावेज कम और मुख्यमंत्री धामी का व्यक्तिगत प्रचार अधिक नजर आता है। उन्होंने पूछा कि यदि यह भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड है तो इसमें पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत के कार्यकाल की उपलब्धियों को जगह क्यों नहीं दी गई? उन्होंने कहा कि सरकार को केवल उपलब्धियां गिनाने के बजाय अधूरे वादों और पिछले पांच वर्षों के कामकाज का भी हिसाब देना चाहिए था।
दस साल और पांच साल के मूल्यांकन में अंतर
वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली के अनुसार, इस बहस को दो अलग-अलग नजरियों से देखना जरूरी है। 2017 से प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए पार्टी के दस साल के शासन का मूल्यांकन किया जाना स्वाभाविक है। इस लिहाज से विपक्ष का सवाल भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, मुख्यमंत्री धामी का प्रस्तुत रिपोर्ट कार्ड मुख्य रूप से उनके पांच साल के कार्यकाल और पिछले विधानसभा चुनाव में जनता के सामने रखे गए संकल्प पत्र पर आधारित है। इसमें त्रिवेंद्र और तीरथ सिंह रावत के कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा शामिल नहीं है।
कुल मिलाकर रिपोर्ट कार्ड अब केवल सरकारी उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भाजपा के दस साल के शासन, पूर्व मुख्यमंत्रियों के योगदान और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जवाबदेही का राजनीतिक मुद्दा बन गया है। भाजपा इसे विकास की निरंतरता बता रही है तो कांग्रेस अधूरे वादों और जनता की समस्याओं को लेकर सरकार को घेर रही है।
