हाटी समुदाय को एसटी दर्जा बरकरार

हाटी समुदाय को एसटी दर्जा बरकरार

हाईकोर्ट ने 18 याचिकाओं पर सुनाया फैसला, छह दशक पुराने संघर्ष के बाद प्रमाणपत्र जारी होने का रास्ता साफ

एस पी शर्मा
हमारी पंचायत, देहरादून

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय का करीब छह दशक लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर दी हैं। 28 नवंबर को आए इस फैसले से पात्र लोगों को एसटी प्रमाणपत्र जारी करने का रास्ता साफ हो गया है। फैसले के बाद गिरिपार क्षेत्र के शिलाई, रेणुकाजी, नौराधार, राजगढ़ और पांवटा साहिब में खुशी का माहौल है। सीमावर्ती उत्तराखंड के जौनसार-बावर में भी इसे बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति भूपेश शर्मा की खंडपीठ ने मामले से जुड़ी 18 याचिकाओं पर फैसला सुनाया। इनमें हाटी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने के खिलाफ दायर तीन याचिकाएं खारिज कर दी गईं, जबकि प्रमाणपत्र जारी करने से संबंधित 15 याचिकाएं स्वीकार की गईं। अदालत ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 342 के तहत अनुसूचित जनजातियों की सूची में किसी समुदाय को शामिल करने या हटाने का अधिकार संसद के पास है। न्यायालय इस सूची में स्वयं बदलाव नहीं कर सकता।

उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे गिरिपार के लोगों के लंबे संघर्ष की जीत बताया। पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने भी इसे पूरे क्षेत्र की सामूहिक उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि अब राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर समुदाय के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. रमेश सिंगटा ने फैसले को सत्य और संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कानूनी विवाद के कारण समुदाय के युवाओं को शिक्षा, छात्रवृत्ति और रोजगार के अवसरों में नुकसान उठाना पड़ा। उनके अनुसार करीब 50 हजार बच्चे और युवा किसी न किसी रूप में प्रभावित हुए हैं। इनमें कई युवा निर्धारित आयु सीमा भी पार कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब प्रमाणपत्र जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं होगी। आंदोलन को लंबे समय तक दिशा देने वाले डॉ. अमीचंद कमल की भूमिका भी इस संघर्ष में महत्वपूर्ण रही है।

हाटी समुदाय को एसटी दर्जा दिलाने की मांग के पीछे जौनसार-बावर से उसकी गहरी सामाजिक और सांस्कृतिक समानता भी प्रमुख आधार रही है। दोनों क्षेत्र टौंस नदी के आर-पार बसे हैं। यहां की बोली, रहन-सहन, खानपान, वेशभूषा, रीति-रिवाज और लोकदेवताओं में काफी समानता है। दोनों क्षेत्रों के बीच आज भी रोटी-बेटी के रिश्ते कायम हैं। ऐतिहासिक रूप से जौनसार-बावर तत्कालीन सिरमौर रियासत का हिस्सा रहा था और 1815 के आसपास इससे अलग हुआ। जौनसार-बावर को वर्ष 1967 में एसटी का दर्जा मिल चुका था।

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय अनुसंधान संस्थान ने 2013 में हाटी समुदाय पर एथ्नोग्राफिक रिपोर्ट तैयार की थी। इसमें समुदाय की सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ जौनसार-बावर से उसकी समानताओं का भी उल्लेख किया गया था।

हाटी समुदाय का आंदोलन वर्ष 1967 से ही जनजातीय दर्जे की मांग के साथ आगे बढ़ा। वर्ष 1974 में हाटी समिति का गठन हुआ और 13 अक्टूबर 1979 को केंद्रीय अध्ययन दल ने क्षेत्र का दौरा किया। वर्ष 2016 में हिमाचल सरकार ने प्रस्ताव केंद्र को भेजा, लेकिन 2017 में रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बावजूद आंदोलन जारी रहा।

केंद्र सरकार ने सितंबर 2022 में प्रस्ताव को मंजूरी दी। लोकसभा ने 16 दिसंबर 2022 और राज्यसभा ने 26 जुलाई 2023 को संबंधित विधेयक पारित किया। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद 4 अगस्त 2023 को संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश संशोधन अधिनियम लागू हुआ। इसके तहत ट्रांस-गिरि क्षेत्र के हाटी समुदाय को एसटी सूची में शामिल किया गया। राज्य सरकार ने 1 जनवरी 2024 को अधिसूचना जारी की, लेकिन तीन दिन बाद हाईकोर्ट ने प्रमाणपत्र जारी करने पर अंतरिम रोक लगा दी थी। अब ताजा फैसले से यह कानूनी बाधा दूर हो गई है।

गिरिपार की 150 से अधिक पंचायतों और शिलाई, श्री रेणुकाजी, पच्छाद तथा पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों में रहने वाले हाटी समुदाय के लिए यह फैसला सामाजिक पहचान और अधिकारों की लंबी लड़ाई का अहम पड़ाव है। समुदाय के लोग इसे अपने आराध्य चालदा महासू महाराज के आगमन का आशीर्वाद और अनमोल उपहार मान रहे हैं। उनका कहना है कि महाराज के सिरमौर से विदा होने से पहले मिली यह सौगात आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यादगार रहेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *