कांग्रेस में टिकट चयन का मंथन तेज

कांग्रेस में टिकट चयन का मंथन तेज

स्क्रीनिंग कमेटी अध्यक्ष दीपा दास मुंशी नेताओं और दावेदारों से कर रहीं वन-टू-वन मुलाकात

हमारी पंचायत, देहरादून

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से गठित स्क्रीनिंग कमेटी प्रदेश के नेताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से लगातार मुलाकात कर रही है। कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी पार्टी मुख्यालय में वन-टू-वन बातचीत के जरिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का फीडबैक ले रही हैं। बैठकों के लंबे दौर को टिकट चयन की दिशा में अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने स्क्रीनिंग कमेटी की कार्यशैली को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि कमेटी अध्यक्ष सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से समय दे रही हैं और बिना जल्दबाजी उनकी बात सुन रही हैं। इससे पार्टी के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

माहरा के मुताबिक, दीपा दास मुंशी ने पिछले दिन भी रात करीब साढ़े आठ बजे से पौने नौ बजे तक लगातार नेताओं से मुलाकात की। वहीं, अगले दिन सुबह 11 बजे से भी बैठकों का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय से पहले सभी नेताओं और दावेदारों की बात सुनना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी को किसी दबाव में निर्णय लेने के बजाय प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए। यह देखना जरूरी है कि संबंधित क्षेत्र में राजनीतिक परिस्थितियां कैसी हैं और जनता किस तरह के प्रत्याशी को पसंद कर रही है।

माहरा ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी के पास विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की सर्वे रिपोर्ट भी उपलब्ध हैं। कमेटी नेताओं से बातचीत के दौरान मिले फीडबैक का इन रिपोर्टों से मिलान कर रही है। पहले कराए गए सर्वे को भी आधार बनाया जा रहा है। ऐसे में व्यक्तिगत मुलाकातों और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *