कण्वाश्रम के विकास की नई पहल

कण्वाश्रम के विकास की नई पहल

चौकीघाटा बैराज का संयुक्त निरीक्षण, धार्मिक और पर्यटन परियोजना की संभावनाएं तलाशी

हमारी पंचायत, कण्व नगरी कोटद्वार

चक्रवर्ती राजा भरत की जन्मस्थली कण्वाश्रम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर पर्यटन, सिंचाई, राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों के संयुक्त दल ने मालिनी नदी घाटी स्थित चौकीघाटा बैराज का निरीक्षण किया। दल ने यहां कण्वाश्रम के विकास और प्रस्तावित परियोजना के लिए उपलब्ध संभावनाओं का जायजा लिया।

एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार के नेतृत्व में पहुंचे दल ने वर्तमान कण्वाश्रम से लगभग 1.2 किलोमीटर दूर स्थित चौकीघाटा बैराज क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, इस स्थल पर प्रस्तावित परियोजना को आकार देने की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। विभिन्न विभागों की संयुक्त रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की कार्ययोजना पर निर्णय लिया जाएगा।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, क्षेत्रीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, लोकसभा सांसद अनिल बलूनी तथा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के निर्देशों के अनुरूप कण्वाश्रम के विकास के लिए व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण और विकास की संभावनाओं का आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है। संयुक्त रिपोर्ट प्राप्त होते ही प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी।

पर्यटन और संस्कृति का बनेगा बड़ा केंद्र

एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन के निर्देश पर इस परियोजना को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। कण्वाश्रम पूरे कोटद्वार क्षेत्र की जनआकांक्षाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि परियोजना को उचित स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी केपी जोशी ने बताया कि कण्वाश्रम चक्रवर्ती राजा भरत की जन्मस्थली होने के कारण धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। पर्यटन विभाग जिलाधिकारी के निर्देशों पर धर्म, संस्कृति और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास की रिपोर्ट तैयार कर रहा है। उनका कहना है कि यहां एक बड़ी पर्यटन परियोजना विकसित होने की संभावनाएं हैं, जिससे देश-विदेश के पर्यटक आकर्षित होंगे और स्थानीय लोगों की आर्थिकी को भी मजबूती मिल सकती है।

उन्होंने अश्वरोही मार्ग पर हॉर्स राइडिंग जैसी गतिविधियां शुरू करने की संभावना भी जताई। हालांकि, इसके लिए भूमि उपयोग से जुड़े पहलुओं का समाधान जरूरी होगा।

रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन पर भी विचार

कण्वाश्रम पर बर्षों से शोध कार्य कर रहे वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल ने विभिन्न विभागों के इस दल को जानकारी देते हुए बताया कि यदि सिंचाई विभाग की यह जमीन कम पड़ती है, तब हम रिजर्व फॉरेस्ट से भी कुछ भू-भाग लेकर कण्वाश्रम की बहुप्रतिक्षित कल्पना को साकार कर सकते हैं। ज़ो केंद्र सरकार की अनुमति से ही संभव हो पाएगा। उन्होंने बताया कि कण्वाश्रम में क्या कुछ किया जा सकता है, यह परियोजना का हिस्सा है इसलिए इसे अभी चर्चा में लाना ठीक नहीं है लेकिन जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया हर हाल में चाहती हैं कि कण्वाश्रम में हम वह कुछ कर दिखाएं ज़ो पर्यटन एवं धर्मस्व व संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्ध स्थल बने।

इस दौरान अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग दुगड्डा, महकार सिंह सहायक अभियंता सिंचाई विभाग, सुधीर कुमार एसड़ीओ वन विभाग, ट्रैकर वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सजवाण, हिमालयन राइडर के मोहित कंडवाल एवं पवन रावत सहित विभिन्न कर्मचारी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *