हिमाचल पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का मामला, कुनिहार में दो बैलेट पेपर लापता

हिमाचल पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का मामला, कुनिहार में दो बैलेट पेपर लापता

आठ कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज, चुनाव ड्यूटी से हटाए गए कर्मचारी

हमारी पंचायत, सोलन

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव से पहले सोलन जिले के विकास खंड कुनिहार में बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच दो बैलेट पेपर लापता पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चुनाव कार्य में लगे आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। साथ ही सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनलग के वार्ड-4 के लिए जारी किए गए बैलेट पेपरों की जांच के दौरान दो मतपत्र गायब मिले। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी पंचायत कुनिहार तन्मय कंवर की ओर से पुलिस थाना कुनिहार में दी गई शिकायत में बताया गया कि पंचायत के लिए क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक बैलेट पेपर जारी किए गए थे। जांच के दौरान क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के दो मतपत्र नहीं मिले।

बताया जा रहा है कि 16 मई से विकास खंड मुख्यालय कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन और वितरण कार्य चल रहा था। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बैलेट पेपर आवंटन टीम द्वारा मिलान किए जाने पर दो मतपत्र कम पाए गए, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई।

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित टीम के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आठ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एफआईआर की प्रति मिलने के बाद सभी कर्मचारियों के चुनाव संबंधी आदेश निरस्त कर दिए गए हैं और उन्हें उनके मूल विभागों में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उधर, पंचायत खनलग के लिए नए सहायक रिटर्निंग अधिकारी की नियुक्ति भी कर दी गई है ताकि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित न हो और निर्धारित समय पर मतदान संपन्न कराया जा सके।

1 Comment

  1. I’m extremely impressed with your writing talents as well as with the format to your blog. Is that this a paid subject matter or did you modify it yourself? Anyway stay up the excellent quality writing, it’s rare to see a great blog like this one today..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *