अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता की तैयारियों का क्रीड़ा सचिव ने लिया जायजा
हमारी पंचायत, देहरादून
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां मालदेवता स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में तेज हो गई हैं। सोमवार को विश्वविद्यालय क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़ और क्रीड़ा परिषद सदस्य अनिल सिंह तोमर ने महाविद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
क्रीड़ा सचिव ने प्राचार्य, क्रीड़ा प्रभारी और क्रीड़ा समिति के सदस्यों के साथ प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की। खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान, आवास, भोजन, पंजीकरण समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 (महिला एवं पुरुष) का आयोजन 9 और 10 अक्टूबर को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में होगा। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
इस दौरान प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. सुमन सिंह गुसाईं, डॉ. सत्येंद्र डौंडियाल, डॉ. डिम्पल भट्ट, डॉ. नवीन रावत, डॉ. विनोद कुमार शाह समेत क्रीड़ा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

