लक्सर में नकली पनीर फैक्ट्री पकड़ी

लक्सर में नकली पनीर फैक्ट्री पकड़ी

छह क्विंटल पामोलीन तेल बरामद, इकाई बंद

हमारी पंचायत, लक्सर

त्योहारी सीजन में बाजार में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। संघीपुर गढ़ी गांव में छापेमारी के दौरान पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और अन्य पदार्थों से पनीर बनाने वाली इकाई पकड़ी गई। टीम ने मौके से करीब 90 किलो तैयार पनीर और लगभग छह क्विंटल पामोलीन ऑयल बरामद कर नष्ट करा दिया। इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने देर रात छापा मारा। कार्रवाई 14 अक्टूबर की सुबह तक चली। विभाग को सूचना मिली थी कि इकाई में दूध के बजाय पामोलीन ऑयल और अन्य पदार्थों से एनालॉग यानी नकली पनीर तैयार कर लक्सर, हरिद्वार और आसपास के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा है।

दूध की जगह तेल से बन रहा था पनीर

सूचना के आधार पर एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला, सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, फूड इंस्पेक्टर दिलीप जैन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बड़े टबों में पनीर तैयार होता मिला। अधिकारियों के अनुसार, इकाई में पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और अन्य पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

बड़े पैमाने पर उत्पादन की तैयारी

छापेमारी में करीब दो क्विंटल क्षमता का फ्राइंग टब, डीप फ्रीजर, पनीर जमाने के सांचे और अन्य उपकरण मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इकाई में लगे उपकरणों की क्षमता एक बार में लगभग 26 क्विंटल पनीर तैयार करने की थी। हालांकि, वास्तविक दैनिक उत्पादन और बाजार में सप्लाई की मात्रा की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नमूने जांच के लिए भेजे

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और तेल के नमूने लेकर राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे हैं। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इकाई संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।

सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर त्योहारों तक जिलेभर में छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *