राम माधव, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन के बाद संगठन में अहम नियुक्ति
हमारी पंचायत, देहरादून
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश संगठन में एक और महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। पार्टी ने फणीन्द्र नाथ शर्मा को प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। यह पद अजय कुमार के दायित्व बदलने के बाद से रिक्त था।
शर्मा इससे पहले हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें बूथ स्तर के संगठन, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन का अनुभव है। असम और त्रिपुरा में भी वह संगठनात्मक दायित्व संभाल चुके हैं।
शर्मा की नियुक्ति से एक दिन पहले भाजपा ने राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी तथा बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी नियुक्त किया था। इसके बाद संगठन महामंत्री की नियुक्ति के साथ प्रदेश भाजपा की नई संगठनात्मक टीम का प्रमुख ढांचा तय हो गया है।
25 सितंबर को देहरादून में हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में नवनियुक्त संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा के साथ नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी भी शामिल हुए। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक तैयारियों पर चर्चा हुई।
प्रदेश महामंत्री संगठन के तौर पर शर्मा के सामने बूथ से मंडल स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और कार्यकर्ता तंत्र को सक्रिय रखने की जिम्मेदारी होगी।

